Ticker

ताज़ा खबरें लोड हो रही हैं…

दंतेवाड़ा में कांग्रेस का प्रदर्शन: NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में पुतला दहन

दंतेवाड़ा | 23 जुलाई | NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को दंतेवाड़ा जिले में कांग्रेस ने व्यापक प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी दंतेवाड़ा के नेतृत्व में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि NEET पेपर लीक ने देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप है कि न्याय की मांग कर रहे छात्र-छात्राओं पर दिल्ली के जंतर-मंतर में लाठीचार्ज किया गया और विरोध दर्ज कराने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं के साथ भी कथित तौर पर सख्ती बरती गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है और छात्रों की आवाज़ को बल प्रयोग के जरिए दबाना उचित नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और छात्रों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी, सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल और कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


Post a Comment

0 Comments