बलरामपुर में साल चिरान से लदी पिकअप जब्त, चालक मौके से फरार
बलरामपुर। जिले में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए साल चिरान से लदी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र की टीम ने बसंतपुर क्षेत्र के डुभापारा में की। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में साल प्रजाति की चिरान लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने डुभापारा क्षेत्र में निगरानी शुरू की।बताया गया कि करीब सुबह 10 बजे वन अमले ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया। वनकर्मियों को देखते ही चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की। इसके बाद टीम ने पीछा कर पिकअप को रोक लिया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
पिकअप से 20 नग साल चिरान बरामद
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें साल प्रजाति के 20 नग चिरान बरामद किए गए। वन विभाग ने पिकअप वाहन और बरामद लकड़ी को जब्त कर लिया है।
अब वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही फरार वाहन चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।
वन विभाग द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर लकड़ी के स्रोत और परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की उम्मीद है।

0 Comments