खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, एक ही परिवार की 3 मासूम बहनों की संदिग्ध मौत; 2 के शव रायपुर ले जाते समय तीसरी ने भी तोड़ा दम
इंदौर/इटारसी: छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मध्य प्रदेश के इंदौर (बेटमा) में रहने वाले इस परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। दो बच्चियों ने इंदौर में इलाज के दौरान दम तोड़ा, जबकि उनके शवों को लेकर रायपुर लौटते समय रास्ते में तीसरी बच्ची की भी तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खाना खाने के बाद अचानक बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, परिवार बेटमा में रह रहा था। रात को खाना खाने के कुछ देर बाद ही 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें गंभीर हालत में इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों बहनों ने दम तोड़ दिया।
दो बहनों के शव लेकर जा रहे थे घर, रास्ते में तीसरी ने भी तोड़ा दम
दो बेटियों को खो चुके बेबस परिजन उनके शवों को एम्बुलेंस से अपने पैतृक निवास रायपुर ले जा रहे थे। सफर के दौरान इटारसी के पास सबसे बड़ी बहन, 10 वर्षीय आशी की तबीयत भी अचानक खराब होने लगी।
परिजन आनन-फानन में आशी को इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन करीब एक घंटे चले इलाज के बाद आशी ने भी दम तोड़ दिया। एक ही झटके में तीनों बेटियों के चले जाने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, 'शून्य' पर मर्ग कायम
शुरुआती चिकित्सकीय जांच में उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
कानूनी कार्रवाई: इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे के अनुसार, घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा क्षेत्र से हुई थी। इसलिए इटारसी पुलिस ने शून्य (Zero FIR / Marg) पर मर्ग कायम कर प्राथमिक डायरी बेटमा पुलिस को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम और बिसरा जांच: तीनों मासूमों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और बिसरा (Viscera) रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


0 Comments