कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को छत्तीसगढ़ सरकार देगी 20-20 लाख रुपये की सहायता
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में दोनों परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस घटना को मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना बेहद निंदनीय और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे कायराना हमलों की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
राज्य सरकार करेगी हर संभव मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा, जो जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहकर पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
राज्य सरकार का कहना है कि पीड़ित परिवारों को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत श्रमिकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

0 Comments