Ticker

ताज़ा खबरें लोड हो रही हैं…

मुंगेली पुलिस का ऑपरेशन बाज: 10.5 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, 3 बाइक और मोबाइल जब्त

 

मुंगेली पुलिस का 'ऑपरेशन बाज' जारी, 10.5 किलो गांजा के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन बाज" के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पथरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.67 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना पथरिया की संयुक्त टीम ने 1 अगस्त को कार्रवाई की।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम रोहरा कला मेन रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।

तलाशी में बरामद हुआ गांजा

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 10 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • राहुल वर्मा (जुनवानी)
  • अजय श्रीवास उर्फ टेकल (पथरिया)
  • दिनेश बंसल उर्फ पाडे (पथरिया)
  • ओमप्रकाश उर्फ गोलु (पौसरी)
  • समीर खान (पथरिया)

सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी गिरजा शंकर यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उन जानकारियों का सत्यापन कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

साइबर सेल और पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, साइबर सेल की टीम तथा थाना पथरिया के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

Post a Comment

0 Comments