दुर्ग | छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में एक यात्री की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
मृतक की पहचान ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे रोज़ की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास रेलवे का मासिक पास था और वे नियमित रूप से ट्रेन से रायपुर आना-जाना करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन चलने के दौरान चढ़ने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वे ट्रैक पर गिर पड़े और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज के आधार पर हादसे के पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।



0 Comments