Ticker

6/recent/ticker-posts

दंतेवाड़ा: शकील मोहम्मद रिज़वी ने संभाला जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार, बारिश के बीच हुआ भव्य स्वागत


दंतेवाड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी दंतेवाड़ा के नवनियुक्त अध्यक्ष शकील मोहम्मद रिज़वी ने बुधवार को विधिवत जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। उनके प्रथम नगर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बावजूद गीदम नया नाका (गुमड़ा चौक) से जिला कांग्रेस कार्यालय तक भव्य स्वागत रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, ढोल-नगाड़े बजाए और कांग्रेस के समर्थन में जमकर नारे लगाए।

जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य अवधेश गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष सलीम राजा उस्मानी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत नेतृत्व मिलने की बात कही।

पदभार ग्रहण करने के बाद शकील मोहम्मद रिज़वी ने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने की अपील भी की।

कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य, रितेश जैन, विमल सलाम, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तूलिका कर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, प्रवीण राणा, मनोज कौरव, राजकुमार जायसवाल, जीतेन्द्र कश्यप, महिला कांग्रेस अध्यक्ष इंद्र शर्मा, पीसीसी सदस्य रूपधर नाग, अनिल सोनो, प्रदेश अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष मनु वर्गीश, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments