अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में लगातार हो रही सर्पदंश की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले तीन दिनों में सांप के काटने से कुल छह लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा मामलों में बलरामपुर जिले के दो सगे मासूम भाइयों और जशपुर की एक 43 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव में गुरुवार रात 9 वर्षीय विकास नगेशिया और उसका 3 वर्षीय भाई विक्रांत घर में सो रहे थे। देर रात विकास को शरीर पर कुछ काटने का एहसास हुआ। शोर मचाने पर परिजन पहुंचे तो पास में करैत सांप दिखाई दिया। दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान पहले बड़े भाई और कुछ घंटों बाद छोटे भाई की भी मौत हो गई।
इसी तरह जशपुर जिले के डोकड़ा गांव की 43 वर्षीय सेवपितिया को 30 जून की रात जमीन पर सोते समय सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
लगातार बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं ने पूरे सरगुजा संभाग में डर का माहौल बना दिया है। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में लोग जमीन पर सोने से बचें, घर के आसपास साफ-सफाई रखें और सांप काटने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचें।


0 Comments