दंतेवाड़ा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 87वीं वर्षगांठ के अवसर पर दंतेवाड़ा रेंज में 6 से 13 मार्च तक विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को दंतेवाड़ा में CRPF की 111वीं वाहिनी द्वारा एक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
इस रक्तदान शिविर में लगभग 50 यूनिट से अधिक रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। जवानों द्वारा किया गया यह रक्तदान स्थानीय अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
इससे पहले भी CRPF द्वारा रक्तदान के कई कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। बारसूर में 195वीं बटालियन और ANTS के जवानों द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 200 यूनिट रक्तदान किया गया था।
CRPF का यह प्रयास न केवल मानवता की सेवा का उदाहरण है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी संदेश देता है।




0 Comments