Ticker

ताज़ा खबरें लोड हो रही हैं…

कबीरधाम साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी का आरोपी नीलू यादव मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

 


कबीरधाम साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी का आरोपी नीलू यादव मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम साइबर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में आरोपी नीलू यादव को मध्य प्रदेश के निवाड़ी-टीकमगढ़ सीमावर्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब तीन महीने से लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।

मामला एक शिक्षक से फोन पर डर और दबाव बनाकर रुपये मांगने तथा यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर कराने से जुड़ा है। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंकिंग लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की।

तकनीकी जांच में आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में मिली। जांच आगे बढ़ने पर कबीरधाम जिले में इसी तरह की साइबर ठगी के एक अन्य मामले से भी उसके संबंध सामने आए।

अलग-अलग नंबर और बैंकिंग माध्यम का इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी के लिए अलग-अलग लोगों के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था और रकम को विभिन्न चॉइस सेंटरों के माध्यम से जमा या ट्रांसफर करवाता था। पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर और बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में टीम ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जांच की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके अन्य मामलों और गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

ठगी की रकम कराई गई होल्ड

साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ठगी गई रकम को समय रहते होल्ड करा दिया। पुलिस के अनुसार आवश्यक बैंकिंग और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रकम पीड़ित के खाते में वापस कराई जाएगी।


Post a Comment

0 Comments