दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के थाना बारसूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के घने जंगलों में एक बार फिर माओवादियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। समय रहते विस्फोटक बरामद होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
विश्वसनीय आसूचना के आधार पर CRPF की 195 बटालियन की यंग प्लाटून, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और थाना बारसूर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन के मार्गदर्शन में किया गया।
मौके से एक डायरेक्शनल पाइप बम एक डेटोनेटर सहित तथा एक प्रेशर कुकर आईईडी, जिसमें लगभग 15 मीटर वायर लगा हुआ था, बरामद किया गया। सभी विस्फोटकों को बम डिस्पोजल टीम ने मानक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया।
सुरक्षा बलों की इस सतर्कता से न केवल जवानों की जान सुरक्षित रही, बल्कि आसपास के ग्रामीणों को भी संभावित खतरे से बचाया जा सका। यह कार्रवाई क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों में एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर तालमेल को दर्शाती है।
0 Comments