रायपुर। राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटों के भीतर चाकूबाजी की चार बड़ी घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई बदमाश अब भी फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक, शहर के कालीबाड़ी गांधी नगर, मौदहापारा, डीडी नगर और डबरापारा इलाकों में ये घटनाएं सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकांश वारदातें आपसी रंजिश और गैंगवार का परिणाम हैं। सबसे गंभीर मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है, जहां पुरानी दुश्मनी के चलते दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने एक-दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। वहीं अन्य क्षेत्रों में भी अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। हालांकि, लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम हो गया है, जिसके चलते ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थिति को नियंत्रण में लाया जाएगा।
https://www.instagram.com/reel/DV-rjoFgLPM/

0 Comments