दंतेवाड़ा। बस्तर के दंतेवाड़ा जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है। 25 वर्षीय ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अपनी मौत से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए, जिनमें उनका दर्द, बेबसी और टूटता हुआ मन साफ दिखाई दे रहा था।
महासमुंद निवासी ताम्रध्वज साहू ने वीडियो में बताया कि बंजारी घाट में उनके ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण सामने से आ रही एक लग्जरी कार से टक्कर हो गई। उनका कहना था कि यह हादसा जानबूझकर नहीं हुआ था। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि दुर्घटना के बाद उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें तथा उनके परिवार को गंभीर धमकियां दी गईं।
वीडियो में ताम्रध्वज बार-बार खुद को निर्दोष बताते नजर आए। उन्होंने कहा कि वह लगातार मानसिक दबाव में थे और इस तनाव को अब सहन नहीं कर पा रहे थे। सबसे भावुक पल तब आया, जब उन्होंने अपनी मां के लिए संदेश छोड़ते हुए कहा, "मां, मुझे माफ कर देना। मैं अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं कर पाया।"
उन्होंने ट्रक मालिक का भी जिक्र किया और कहा कि हादसे में उनकी कोई गलती नहीं थी। इसके कुछ समय बाद गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट के पास एक पेड़ पर उनका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं और लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने एक युवा चालक को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।



0 Comments