मैनपुर (गरियाबंद): छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। थाना मैनपुर अंतर्गत कैंप कुल्हाडीघाट से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम दड़ईपानी के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, एफ/65 बटालियन CRPF, जिला पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम 12 जून 2026 को क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में एक संदिग्ध डंप होने की सूचना मिली। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए कई खतरनाक विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री में लगभग 15 मीटर कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर, 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर IED (लगभग 4 किलोग्राम), एक टिफिन IED (लगभग 5 किलोग्राम), 6 बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैगजीन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, बरामद किए गए IED और विस्फोटक सामग्री का उपयोग नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए कर सकते थे। खतरे को देखते हुए BDS टीम ने मौके पर ही सभी IED को सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। सुरक्षा बल लगातार जंगल क्षेत्रों में अभियान चलाकर नक्सल गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।



0 Comments