जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में फेरबदल, 6 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जांजगीर-चांपा। जिले के पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने छह पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना को लेकर आदेश जारी किया है। यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होगा और सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है। इसके तहत कुछ थाना प्रभारियों को दूसरे थानों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एक अधिकारी को अतिरिक्त विभागीय दायित्व भी सौंपा गया है।
शिवानंद सिंह को मुलमुला थाने की जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स जांजगीर में पदस्थ निरीक्षक शिवानंद सिंह को मुलमुला थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, मुलमुला के वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल को बम्हनीडीह थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पारस पटेल बम्हनीडीह थाना प्रभारी के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बालक विरुद्ध अपराध अनुसंधान शाखा जांजगीर के प्रभारी का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे।
इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
फेरबदल के तहत थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे को सारागांव थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी को पामगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी को थाना प्रभारी अजाक के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा बम्हनीडीह थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ उप निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह को थाना जांजगीर में पदस्थ किया गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
0 Comments