मोतिहारी में फिर शुरू होगी चीनी मिल, CM सम्राट चौधरी ने 285 करोड़ की 145 योजनाओं की दी सौगात
मोतिहारी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पूर्वी चंपारण जिले के लिए करीब 285 करोड़ रुपये की 145 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। इनमें सबसे अहम घोषणा बंद पड़ी चीनी मिल को फिर से शुरू करने की दिशा में जल्द काम शुरू करने की रही। इसके अलावा बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज, मोतिहारी में तारामंडल और फिश प्रोसेसिंग प्लांट शुरू करने की बात कही गई।
मोतिहारी में बनेंगे कई बड़े प्रोजेक्ट
सम्राट चौधरी ने कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, मोतिहारी में तारामंडल और अटल कला भवन बनाने की योजना पर भी काम होगा। केंद्रीय विद्यालय को पीपराकोठी के बजाय आम लोगों की मांग पर बरियारपुर में बनाने की घोषणा की गई।
इसके साथ ही तेतरिया के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क और मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट विकसित करने की बात कही गई है। मोतिहारी में मौजूदा मदर डेयरी से बड़े प्लांट की योजना भी बताई गई।
सड़क और पर्यटन पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से लेकर चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क और नाला निर्माण को मरीन ड्राइव के रूप में विकसित करने की घोषणा की। अरेराज मंदिर जाने वाली प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की भी बात कही गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पूर्वी चंपारण में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग, कृषि, मत्स्य पालन और आधारभूत संरचना को गति मिलेगी।
बापूधाम महोत्सव 3 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधा मोहन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


0 Comments